जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों में यात्री यातायात से प्राप्त राजस्व में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों के निर्देशन तथा तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम माह अप्रैल में यात्री यातायात से 220 करोड़ रूपये से अधिक का ओरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया। यह पिछले वर्ष के इसी माह में प्राप्त 208 करोड़ रुपये की तुलना में 05 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी यात्री यातायात के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2572 करोड़ रुपये का ओरिजिनेटिंग यात्री राजस्व अर्जित किया था। यह उपलब्धि पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक की सतत मॉनिटरिंग तथा वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
यात्री यातायात में राजस्व वृद्धि के लिए ये प्रयास हुए
- स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
- पश्चिम मध्य रेल से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि को बढ़ाया गया।
- प्रतीक्षा सूची क्लीयर करने के लिए यात्री ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए।
- यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रायोगिक ठहराव की अवधि बढ़ाई गई।
- यात्रियों की सुविधा के लिए आईसीएफ कोच रैक को एलएचबी कोच संरचना में परिवर्तित किया जा रहा है।
- अधोसंरचना कार्यों में गति लाकर यात्री ट्रेनों की गति में वृद्धि की जा रही तथा समयपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
