जबलपुर। सेंट एलायसिस स्कूल में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि उन पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जब उन्होंने धर्म परिवर्तन करने से साफ इनकार कर दिया, तो उन्हें नौकरी से बाहर निकाल दिया गया। इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की गई है। कर्मचारियों के समर्थन में अब हिंदू धर्म सेना भी उतर आई है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नए फादर के आने के बाद शुरू हुआ दबाव
पीड़ित महिला कर्मचारियों ने अपनी शिकायत में बताया कि स्कूल में हाल ही में आए फादर सोमी जैकब और अन्य स्टाफ द्वारा उन पर चर्च आने और ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। कर्मचारियों का दावा है कि प्रबंधन ने उनसे स्पष्ट रूप से कहा कि यदि उन्हें स्कूल में अपनी सेवाएं जारी रखनी हैं, तो ईसाई धर्म स्वीकार करना ही होगा, अन्यथा वे नौकरी छोड़ दें। इस दबाव के आगे न झुकने के कारण 3 से 4 महिला सफाई कर्मचारियों को काम से हटा दिया गया। शारदा विहार मदर टेरेसा क्षेत्र की रहने वाली दीपा पटेल ने बताया कि वह वर्ष 2024 से इस स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही थीं। पहले स्कूल का माहौल ऐसा नहीं था, लेकिन नए फादर के आने के बाद महिला कर्मचारियों को जबरन चर्च बुलाया जाने लगा। दीपा के अनुसार, कुछ महिलाएं डर के कारण तैयार हो गईं, लेकिन मना करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा।
लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों पर भी गाज
इस मामले में केवल महिला कर्मचारी ही नहीं, बल्कि सालों से काम कर रहे पुरुष कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं। कटंगी के रहने वाले राजेश वाल्मीकि ने बताया कि उन्होंने इस स्कूल में 12 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। अप्रैल महीने में अपने परिवार के एक कार्यक्रम के सिलसिले में उन्होंने 2 दिन की छुट्टी ली थी। जब वह छुट्टी के बाद वापस काम पर लौटे, तो उन्हें स्कूल के मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया। राजेश का आरोप है कि उन्हें भी धर्म परिवर्तन करने या नौकरी छोड़ने की बात कही गई और बाद में 2 महीने का वेतन देकर उन्हें काम से बाहर कर दिया गया।
पुलिस जांच और आंदोलन की चेतावनी
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि शहर के कुछ शिक्षण संस्थानों में नौकरी का लालच देकर धर्मांतरण का खेल चल रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने इस मामले में जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो स्कूल के सामने उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि पुलिस को मामले का लिखित शिकायती पत्र मिल चुका है, जिसमें धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
