khabar abhi tak

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर जेडीए की सम्पत्ति अधिकारी से 11 लाख की ठगी



मुनाफा देने का झांसा देकर रकम हड़पी, ओमती थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र के तहत जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की एक महिला सम्पत्ति अधिकारी के साथ शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को भारी मुनाफे का लालच देकर रकम का निवेश कराया और बाद में मूल राशि व लाभांश लौटाने के बजाय टालमटोल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बुधवार को ओमती थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया है। ​पुलिस के मुताबिक, तिलहरी दत्त टाउनशिप में रहने वाली 40 वर्षीय रीति सोनवे की मूल पदस्थापना कलेक्ट्रेट कार्यालय में है और वे वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर जेडीए में सम्पत्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। कलेक्ट्रेट में तैनाती के दौरान उनकी मुलाकात वहां के लोकसेवा केंद्र में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी शुभम श्रीवास्तव से हुई थी। शुभम ने खुद को शेयर ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताया और दावा किया कि यदि वे शेयर मार्केट में पैसा लगाती हैं, तो उन्हें हर 1 लाख रुपए पर 5 प्रतिशत का पक्का मुनाफा मिलेगा। उसकी बातों पर भरोसा करके रीति और उनके पति गगन बख्शी ने शुभम के साथ एक लिखित एग्रीमेंट किया और इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 11 लाख रुपए शुभम को सौंप दिए। समय पूरा होने पर जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगा। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि शुभम ने इस धोखाधड़ी की रकम से शहर में कई संपत्तियां खरीदी हैं। जब भी वे उससे अपने पैसे वापस मांगती थीं, तो वह उन्हें वॉट्सऐप कॉल के जरिए गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां देता था। पैसे डूबने और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर उन्होंने पुलिस प्रशासन की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak