khabar abhi tak

नरसिंहपुर के पास चलती ट्रेन से गिरकर मजदूर की मौत, कोल्हापुर से झारखंड लौटते समय हादसा

नरसिंहपुर. एमपी के नरसिंहपुर जिले में रविवार सुबह एक चलती एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा कोल्हापुर से धनबाद जा रही ट्रेन में कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कठोतिया के पास रेलवे ट्रैक पर सुबह करीब 4:30 बजे हुआ।

मृतक की पहचान झारखंड के हजारीबाग जिले के ग्राम बभनी निवासी 32 वर्षीय अर्जुन पिता अकला मंझी के रूप में हुई है। वह अपने साले वीरेंद्र और 7-8 अन्य साथियों के साथ कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहा था। कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण अर्जुन गेट के पास बैठकर सफर कर रहा था। इसी दौरान नींद का झोंका आने से वह अपना संतुलन खो बैठा और सीधे पटरी पर जा गिरा। अर्जुन को गिरता देख कोच में हड़कंप मच गया। उसके साथियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई और नीचे उतरे, लेकिन तब तक अर्जुन की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इस हादसे के कारण ट्रेन लगभग 10 मिनट तक रुकी रही। मृतक के साले वीरेंद्र ने बताया कि वे सभी कोल्हापुर में सड़क और पुल निर्माण कार्य में लोहे के सरिए (शटरिंग/बाइंडिंग) का काम करते थे। अर्जुन की पत्नी और दो छोटे बच्चे घर पर उसका इंतजार कर रहे थे, जिन्हें अब इस दुखद खबर की सूचना दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak