जबलपुर/कटनी. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-बीना रेलखंड के रीठी रेलवे स्टेशन पर शनिवार 11 अप्रैल की देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात युवक खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया, जिसके बाद वह सिर के ऊपर से गुजर रही 25,000 वोल्ट की हाई टेंशन विद्युत लाइन (ओएचई) की चपेट में आ गया। बिजली के झटके से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि रात के समय रीठी स्टेशन के ट्रैक पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक उसके इंजन पर चढऩे लगा। जैसे ही वह इंजन की छत पर पहुंचा, उसका संपर्क हाई वोल्टेज तारों से हो गया। उच्च विद्युत तारों के संपर्क में आते ही तेज धमाका हुआ और आग की लपटें दिखाई दीं। धमाके की आवाज सुनकर स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां युवक बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पटरियों पर पड़े शव को कब्जे में लिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कोई दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
जीआरपी कटनी के उप निरीक्षक अनिल मरावी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है, लेकिन युवक इंजन पर किन परिस्थितियों में चढ़ा, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
