हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भागा, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में नटवारा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष सिंह राजपूत (39), निवासी ग्राम नटवारा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संतोष सिंह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 20 MX 4565) से गैस सिलेंडर लेने शहपुरा गए थे। वापस लौटते समय, नटवारा चौराहे के पास सड़क पार करते समय एक कार (क्रमांक MP 19 ZS 5201) ने उन्हें टक्कर मार दी।
अस्पताल ले गए पर नहीं बची जान
संतोष सिंह राजपूत के छोटे भाई कृष्ण कुमार राजपूत (34) ने पुलिस को बताया कि उन्हें आसपास के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके भाई गंभीर रूप से घायल थे और उनके सिर, माथे, सीने और पैरों में गंभीर चोटें थीं। वे कार (MP 19 ZS 5201) को भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा पाया। संतोष सिंह को तुरंत शहपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कृष्ण कुमार राजपूत का आरोप है कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और कार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के बयान भी दर्ज कर रही है।
