रीवा. विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पमरे के जबलपुर रेल मंडल के रीवा से मुंबई के बीच संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सेवा का दर्जा मिल गया है। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मांग की जा रही थी, जिसे रेलवे ने मंजूरी दे दी है।
सूत्रों के मुताबिक, आगामी 23 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। जिसकी तैयारियां रेल प्रशासन ने तेज कर दी है. यह पहला मौका होगा जब रीवा से मुंबई के लिए ट्रेन नियमित रूप से संचालित होगी। इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही व्यापार, रोजगार और आवागमन को भी नया बढ़ावा मिलेगा। मुंबई जैसे महानगर से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से विंध्य क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ होगा।
लंबे समय से इसकी मांग उठ रही थी
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि रीवा-मुंबई ट्रेन का नियमित संचालन विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस मांग को उठा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। इस ट्रेन के नियमित होने से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और बड़े शहरों से जुड़ाव भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विंध्य के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है और यह कदम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
