ट्रेन में टीटीई से अभद्रता करने वाला फर्जी वेंडर गिरफ्तार
जबलपुर। रेल में सफर के दौरान ड्यूटी पर तैनात टीटीई को धमकी देना एक शख्स के लिए मुसीबत का सबब बन गया। रेल मदद पोर्टल से प्राप्त शिकायत पर कार्यवाही करते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने एक ऐसे आरोपी को दबोचा है जो खुद को वेंडर बताकर अवैध रूप से यात्रा कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति न केवल फर्जी पहचान बता रहा था बल्कि वह शहर के अन्य थानों का वांछित अपराधी भी है।
जांच के दौरान टीटीई को दी देख लेने की धमकी
घटना जयनगर बनारस सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 20903 की है। इस गाड़ी में ऑन ड्यूटी टीटीई गुंजन कुमार और विकास कुमार टिकटों की जांच कर रहे थे। जांच के दौरान उनकी मुलाकात एक संदिग्ध व्यक्ति से हुई जिसने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। पूछताछ किए जाने पर वह रेल कर्मियों से उलझ गया और खुद को अधिकृत वेंडर बताने लगा। जब टीटीई ने उससे वेंडर होने का वैध अनुमति पत्र या विभाग द्वारा जारी पहचान पत्र मांगा तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पकड़े जाने के डर से आरोपी विवाद पर उतर आया और उसने सार्वजनिक रूप से टीटीई को देख लेने की धमकी दे डाली।
सिविल लाइन थाने का वांटेड अपराधी निकला आरोपी
विवाद की सूचना तुरंत आरपीएफ को दी गई जिसके बाद आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के निर्देशन में टीम ने तत्परता दिखाई। आरक्षक रामनारायण यादव और सुग्रीव सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में लेकर पोस्ट पर आए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश मेहरा पिता मानसिंह मेहरा उम्र 50 वर्ष निवासी कांचघर पुलिस लाइन घमापुर बताया। जब आरपीएफ ने सिविल लाइन थाने से संपर्क कर आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपी राजेश मेहरा सिविल लाइन थाने के विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में वांछित था। आरपीएफ ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कार्यवाही के लिए सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
