जबलपुर। गोराबाजार क्षेत्र में देर रात एक बजे के लगभग तेज गति से आई कार सड़क किनारे खड़े डायल 112 से टकरा गई। जिससे पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में डायल 112 वाहन के चालक प्रशांत रजक के शरीर पर चोट आई। दुर्घटना होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए, इस बीच शराब के नशे में धुत कार चालक भाग निकला।
पुलिस के अनुसार प्रशांत कुमार रजक उम्र 33 वर्ष निवासी शीतलामाई मोहल्ला बरगी थाना गोराबजार में 112 डायल की गाड़ी क्रमांक एमपी 04 वाई क्यू 5681 का पायलट है। प्रशांत ने रात एक बजे के लगभग क्षेत्र में भ्रमण के बाद अपनी गाड़ी को नोडल प्वाइंट गोराबाजार तिराहे के पास रोड किनारे खड़ी कर दी। इस दौरान सफेद रंग की ग्रांउ विटारा क्रमांक एमपी 20 जेड वाई 3888 का चालक पर्व पिता भूपेन्द्र बसूर निवासी पचपेढ़ी सिविल लाईन का बिलहरी तरफ से आया और डायल 112 वाहन में पीछे से टक्कर मार दिया जिससे डायल 112 वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कार की टक्कर लगते ही प्रशांत आगे की ओर गिरा, जिससे उसके सीना तथा कमर में चोट आई। भिड़ंत इतनी जोरों से हुई कि कार का एयर बैग खुल गये थे। दुर्घटना होते देख अफरातफरी मच गई, देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होने वाहन चालक प्रशांत को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डायल 100 वाहन को थाना पहुंचाया। इस दौरान इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने कार चालक पर्व बसूर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला कि कार चालक पर्व शराब के नशे में धुत था।