मंडला. एमपी के मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र में बुधवार 8 अप्रैल की सुबह एक बाइक पोल से टकरा गई, जिसमें भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम करौंदी के पास तब हुआ जब दोनों शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
मझगांव निवासी रज्जो बाई अपने भाई राजू मरावी के साथ बाइक से निवास की ओर जा रही थीं। रज्जो बाई के बेटे की बारात मंगलवार को कछारी गई थी। यह बाइक उनके बेटे को शादी में दहेज में मिली थी, जिससे लौटते समय करौंदी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के छोटे पोल से जा भिड़ी। महिला को पैर में चोट है, प्राथमिक तौर पर डॉक्टर ने फ्रेक्चर की आशंका जताई है। वहीं पुरुष को बाहरी तौर पर कोई गंभीर चोट नजर नहीं आ रही थी, लेकिन वह बेहोशी जैसी हालात में था, जिससे अंदरूनी चोट की आशंका है।
जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद राहगीरों ने सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
