जबलपुर। धनवंतरी नगर चौकी अंतर्गत अंधमुख बायपास रोड पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हिट एंड रन मामले में एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सागर कॉलोनी निवासी प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है, जिसके पिता का नाम हेमंत दुबे है। जानकारी के मुताबिक प्रियांशु रात लगभग 9 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP20-NA-2652 से बायपास स्थित बैधन पुल के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी,लोगों से पूछताछ
हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर लगने से बाइक की बैकलाइट और नंबर प्लेट टूट गई, जबकि वाहन का दाहिना ब्रेक और फुटरेस्ट भी बुरी तरह मुड़ गया। प्रियांशु को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को निजी एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और अज्ञात चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में तेज रफ्तार वाहनों के संचालन को लेकर काफी रोष देखा जा रहा है।
