khabar abhi tak

विवाह के सीजन में घरों की सुरक्षा भगवान भरोसे, चोरों ने खाली किए लॉकर



जबलपुर।  पाटन और पनागर थाना क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी वारदातों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दिए। पहली घटना पाटन के राजेंद्र प्रसाद वार्ड की है, जहां पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहीं दूसरी घटना पनागर के ग्राम पोनिया की है, जहां कुछ ही घंटों के लिए बाजार गए परिवार के घर में सेंधमारी की गई।

​शादी की खुशियों के बीच लाखों की चपत

​राजेंद्र प्रसाद वार्ड निवासी विवेक बबेले का परिवार शनिवार शाम एक विवाह समारोह में शामिल होने जबलपुर आया था। घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। रविवार सुबह जब विवेक के पिता घर वापस पहुंचे, तो उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे 2 तोला वजनी सोने का हार, कान के बाले, 12 ग्राम का मंगलसूत्र, सोने की चेन और अंगूठी सहित कुल साढ़े 12 लाख रुपये के जेवर गायब मिले। इसके अलावा लॉकर में रखी 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हो गई है।

​पनागर में बाजार जाते ही घर के ताले टूटे

​चोरी की दूसरी वारदात पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम पोनिया में घटित हुई। यहां रहने वाले बालगोविंद काछी अपनी पत्नी के साथ शनिवार दोपहर बाजार गए थे। वे कुछ ही घंटे बाद शाम को वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गए। अज्ञात बदमाशों ने सूने घर का ताला चटकाकर अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। बालगोविंद ने पुलिस को बताया कि चोरों ने अलमारी से सोने के 2 हार, एक मोहनमाला, झुमकी, लाख पट्टी वाले कंगन, चांदी का कमरबंद और पायल चोरी कर लिए हैं। आभूषणों के साथ ही घर में रखे 35 हजार रुपये नगद भी गायब हैं।

​संदिग्धों से की जा रही पूछताछ

​इन दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पाटन पुलिस ने विवेक बबेले की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद क्षेत्र के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी गए जेवर और नकदी की बरामदगी की जा सके। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पनागर पुलिस भी अपने क्षेत्र में हुई वारदात के सुराग जुटाने में लगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak