khabar abhi tak

जबलपुर में खपने वाला था तितलागढ़ का गांजा



जबलपुर। नशा मुक्ति अभियान के तहत तिलवारा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 3 शातिर तस्करों को दबोचते हुए उनके पास से 9 किलो 781 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4 लाख 89 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबारियों के विरुद्ध निरंतर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

​घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और सीएसपी आशीष कुमार जैन के मार्गदर्शन में तिलवारा पुलिस की टीम ग्राम चूल्हा गोलाई वन चौकी के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर जाते हुए नजर आए। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने नहर के रास्ते जंगल की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन सक्रियता दिखाते हुए टीम ने तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुभम पटेल, शुभम शुक्ला और नीरज डेहरिया के रूप में हुई है।

​उड़ीसा से जुड़ा तस्करी का नेटवर्क

​प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप उड़ीसा के तितलागढ़ निवासी खितिज साहू से खरीदकर लाए थे। आरोपी इस माल को छोटे पैकेट में भरकर शहर के विभिन्न हिस्सों में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास, जगदीश सिंह, जयशंकर चौहान, सुनील परवारी, पिंटू यादव और अभय बघेल का विशेष योगदान रहा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak