रीवा। रीवा सगरा क्षेत्र में दूसरी महिला से अवैध संबंधों के चलते हुए विवाद पर पति ने बेटी के सामने ही अपनी पत्नी पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई, जिसे परिजनों ने इलाज के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावर पति की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार सगरा क्षेत्र रीवा निवासी दीपक मिश्रा बीती देर रात शराब के नशे में धुत होकर आया और पत्नी शिखा मिश्रा के साथ गाली गलौज करने लगा। दम्पति के बीच हो रहे झगड़े की आवाज सुनकर बेटी दिशा भी आ गई। वह कुछ समझ पाती इससे पहले दीपक ने चाकू निकालकर पत्नी शिखा पर दनादन वार करना शुरु कर दिया। मां पर हमला होते देख बेटी चीख पड़ी शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों सहित आसपास के लोग पहुंच गए। जिन्होने शिखा को खून से लथपथ हालत में देखा तो स्तब्ध रह गए। सभी ने गंभीर रूप से घायल शिखा मिश्रा को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर महिला शिखा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर हमले के बाद पति मौके से भाग निकला। खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और पूछताछ के बाद फरार आरोपी दीपक की तलाश शुरु कर दी। पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि आरोपी के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। यह संबंध पारिवारिक कलह की बड़ी वजह बना हुआ था और इसी को लेकर घर में तनाव रहता था। वहीं पत्नी के इंस्टाग्राम चलाने को लेकर भी आरोपी नाराज रहता था, जिसको लेकर कई बार दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
Tags
madhya pradesh