बताया गया है कि अंजनिया मंडला निवासी आशीष साहू 11 अप्रेल को घर से निकला, इसके बाद लौटकर नहीं आया। आशीष के अचानक गायब होने से परिजन चितिंत हो गए, उन्होने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। आज साहू परिवार के घर के पीछे टैंक से उठ रही बदबू से लोग परेशान हो गए, संदेह होने पर पिता मुन्नालाल साहू ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंक खुलवाया तो अंदर कपड़े में लिपटे शव के कई हिस्से मिले। हालात देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। बाद में परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव को आशीष साहू के रूप में पहचाना। जांच के दौरान शक परिवार के भीतर ही गहराया। मृतक के बड़े भाई घनश्याम साहू पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही थी। पुलिस ने घनश्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इनकी मां भी 2019 से लापता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आशीष ने हाल ही में ट्रैक्टर खरीदा था और उसी से काम कर रहा था, जबकि घनश्याम एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। परिवार की स्थिति और आपसी संबंधों को भी जांच के दायरे में रखा है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, समय और तरीके को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है।
Tags
mandla