khabar abhi tak

जबलपुर : ऑयल टैंकर से पेट्रोल चोरी करते ड्राइवर गिरफ्तार, 65 लीटर पेट्रोल जब्त, पुलिस टीम ने ऐसे पकड़ा

जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिला के शहपुरा थाना क्षेत्र में पेट्रोल चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक टैंकर चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 65 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया। यह कार्रवाई इंडियन ऑयल डिपो के सामने सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से पेट्रोल निकालते समय की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहपुरा स्थित इंडियन ऑयल डिपो के सामने एक टैंकर से पेट्रोल चोरी किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

प्लास्टिक के डिब्बों में निकाल रहा था पेट्रोल

जांच के दौरान पता चला कि टैंकर क्रमांक एमपी20 एक्सएक्स 8174 से प्लास्टिक के डिब्बों में पेट्रोल निकाला जा रहा था। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय राम सुशील यादव के रूप में हुई है, जो रीवा जिले के गढ़ थाना अंतर्गत ग्राम कोल्हाई का निवासी है और टैंकर का चालक है। पूछताछ में आरोपी राम सुशील यादव ने बताया कि वह डिपो से पेट्रोल लोड करने के बाद सप्लाई के दौरान रास्ते में टैंकर खड़ा कर चोरी से पेट्रोल निकालकर बेचने की योजना बना रहा था।

65 लीटर पेट्रोल जब्त

पुलिस ने मौके से दो कैनों में भरा लगभग 65 लीटर पेट्रोल, प्लास्टिक की बाल्टियां और अन्य संबंधित सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak