जबलपुर. बिजली चोरी और बकाया वसूली पर जबलपुर में विद्युत कंपनी ने सख्त कार्रवाई की है। पाटन संभाग के भिटौनी टाउन में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 5 उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए और 8 बड़े बकायादारों के कनेक्शन काट दिए गए।
यह अभियान पाटन संभाग के कार्यपालन अभियंता के निर्देश पर सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं की संयुक्त टीम ने चलाया। टीम ने घर-घर जाकर बिजली कनेक्शनों की जांच की, जिसमें 5 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। इन सभी के खिलाफ मौके पर ही बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए।
अभियान के तहत उन उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया था। ऐसे 8 बड़े बकायादारों की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से काट दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि का भुगतान होने के बाद ही उनके कनेक्शन बहाल किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। वितरण केंद्र प्रभारी रंजन पाण्डेय ने जानकारी दी कि शहपुरा टाउन के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर बिजली चोरी करने या बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
