अनूपपुर। एमपी के अनूपपुर स्थित कोतमा बस स्टैंड के पास आज शाम 5.30 बजे के लगभग 4 मंजिला अग्रवाल लॉज अचानक भरभराकर गिरी। लॉज गिरते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई, देखते ही देखते चारों ओर धूल के गुबार दिखाई देने लगे। लॉज गिरने की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने रेस्क्यू शुरु किया। खबर है कि मलबे में कई मजदूर और लोगों के दबे होने की आशंका है। लॉज के गिरने से आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
बताया गया है कि कोतमा बस स्टेंड में करीब दस साल पुरानी अग्रवाल लॉज के बाजू में ही निर्माण कार्य चल रहा था। जिसमें कई लोग ठहरे हुए थे। आज शाम 5.30 बजे के लगभग चार मंजिला लॉज अचानक भरभरा कर गिर गई। लॉज को गिरते देख राह चलते लोगों सहित आसपास के लोगों में चीख पुकार व भगदड़ृ मच गई। कहा जा रहा है कि लॉज के कमरों में रुके लोग व कर्मचारी चपेट में आकर दब गए। खबर मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए, वहीं एसईसीएल जमुना, कोतमा से रेस्क्यू दल बुलाया गया है। रेस्क्यू टीम मलबा हटाने और लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। हालाकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग मलबे के अंदर दबे है। मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि दबे हुए लोगों को बाहर निकाला जा सके। वहीं यह भी बताया कि लॉज के ठीक बगल में स्थित एक मकान है। मकान में अंडरग्राउंड खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। बचाव कार्य में 100 से ज्यादा लोग लगे हुए हैं। अब तक एक महिला को बचाया गया है।
Tags
anuppur