बालाघाट। बालाघाट के वारासिवनी में सीएम राइज स्कूल के सामने आज सुबह के वक्त चीख पुकार मच गई, जब आबकारी विभाग के एक तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। उसे करीब 70 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में सरकारी वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक मासूम सहित परिवार के तीन लोग घायल हैं।
बाल-बाल बचा परिवार, मासूम को आई चोट-
कार में सवार धर्मवीर और उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, उनके तीन साल के बेटे रुद्रांश की कमर में चोट लगी है। तीनों का इलाज वारासिवनी के अस्पताल में किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना प्रभारी पवन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक चालक का शव वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।