डिंडौरी. एमपी के डिंडोरी वन परिक्षेत्र के बिझौरा जंगल में गुरूवार 23 अप्रैल की रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही वन समिति के सदस्यों ने रात 2 बजे तक आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार, फरवरी से अब तक जिले में 190 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिस जंगल में आग लगी, वहां पर बाघों का मूवमेंट भी देखा गया है, जिससे वन विभाग की चिंता अधिक बढ़ गई है.
रेंजर अतुल सिंह बघेल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे बिझौरा के जंगल कक्ष क्रमांक 192 और 193 में लगभग ढाई हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। वन विभाग के कर्मचारी और वन समिति के सदस्य तुरंत सक्रिय हुए और रात करीब 2 बजे तक आग बुझा दी गई। इस घटना में सूखे पत्ते जले हैं, लेकिन पेड़ों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
गर्मी में आग लगने की घटनाएं बढ़ी
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। वन विभाग इस स्थिति को लेकर अलर्ट पर है। रेंजर बघेल ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही उसे बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया जाता है। कर्मचारियों को आग बुझाने के लिए ब्लोअर मशीन, लीफ रैक, जूते, चश्मा, ग्लव्स और पानी की बोतलें उपलब्ध कराई गई हैं। पिछले कई महीनों से इस जंगल में बाघों की आवाजाही भी बनी हुई है।
