khabar abhi tak

शेयर बाजार में लौटी जबर्दस्त रौनक, सेंसेक्स 1350 अंक चढ़ा, निफ्टी 24200 के पार पहुंचा

मुंबई. एक दिन की छुट्टी के बाद बुधवार 15 अप्रैल को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,400 अंक से अधिक उछलकर 78,270.42 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,280.90 के उच्च स्तर को छू गया।बाजार में यह तेजी वैश्विक संकेतों के सकारात्मक रहने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते देखने को मिली। साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता की उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के सभी 30 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे। प्रमुख बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस शामिल रहे। बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के सूचकांकों में करीब 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत बढ़कर 95.04 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, जबकि कमजोर अमेरिकी मुद्रा के चलते रुपया 20 पैसे मजबूत होकर 93.15 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

मार्केट विशेषज्ञों ने कहाकि बाजार फिलहाल अल्पकालिक जोखिमों को नजरअंदाज करते हुए अमेरिका-ईरान के बीच संभावित कूटनीतिक समाधान पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे ऊर्जा आयातक देश के लिए सकारात्मक संकेत है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध समाप्ति के करीब है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच वार्ता का अगला दौर जल्द ही इस्लामाबाद में आयोजित हो सकता है।

एशियाई बाजारों में भी मजबूती का रुख देखा गया, जहां जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak