बताया गया है कि ग्राम बोरी निवासी भंडारी पिता तेजूलाल पांचे उम्र 62 वर्ष आज दोपहर के वक्त अपने खेत में कृषि कार्य में व्यस्त रहा। इस दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान कुछ समझ पाता इससे पहले तेंदुआ घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। किसान की आवाज सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा तो लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसपर तेंदुआ किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल भंडारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चोट काफी गहरी होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण ड्यूटी डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल लेकर रवाना हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों से विस्तृत जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता बढ़ गई है और वह कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकडऩे के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।