khabar abhi tak

अनजान वीडियो कॉल और मैसेज के पीछे छिपा है बड़ा खतरा




जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत साइबर अपराध से बचाव एवं जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन के मुख्य अतिथि जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया और बताया कि आज के दौर में वर्चुअल वर्ल्ड की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।

​डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया से सावधानी

​एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही वास्तविक साइबर सुरक्षा है। सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग अक्सर साइबर अपराधों का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने साइबर स्पेस और साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को परामर्श दिया कि वे किसी भी अज्ञात नंबर से प्राप्त संदेश या लिंक पर क्लिक न करें। इसके साथ ही उन्होंने अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल को रिसीव न करने और सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी को सीमित रखने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इंटरनेट बहुत उपयोगी संसाधन है बशर्ते इसका उपयोग पूरी सावधानी के साथ किया जाए।

​साइबर अपराध की बढ़ती गम्भीर चुनौतियां

​स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के संभागीय समन्वयक प्रो. अरुण शुक्ल ने बताया कि वर्तमान में समाज के हर क्षेत्र में ऑनलाइन कार्यों की अधिकता हो गई है। इसी कारण साइबर अपराधों के ग्राफ में भी तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। समाज में इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने हेतु ही इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉक्टर ज्योति जुनगरे, डॉक्टर शिवचंद्र वल्के, डॉक्टर महेन्द्र कुमार कुशवाहा, डॉक्टर मीनाक्षी मेरावी, श्रीमती लल्लाबाई लोधी, डॉक्टर नीलिमा और डॉक्टर तरूणेन्द्र साकेत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के लगभग 84 विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak