जबलपुर. एमपी के जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटे जाने से नाराज एक युवक ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। ओमती थाने में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता कार्यालय (मिशन कम्पाउंड) में पदस्थ जूनियर इंजीनियर गौतम मुखर्जी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक 11 मार्च को विभाग की टीम ने प्रगतिशील कॉलोनी क्षेत्र में बकाया बिल के कारण चार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की थी। इन कनेक्शनों पर करीब 20 हजार रुपए से अधिक का बिल बकाया था।
ऑफिस पहुंचकर दी धमकी, गाली-गलौज की
शिकायत में बताया गया कि उसी दिन शाम करीब 3:30 बजे प्रगतिशील कॉलोनी निवासी दर्शन भाटिया बिजली कार्यालय पहुंचा और कनेक्शन काटने की बात को लेकर अधिकारियों से बहस करने लगा। इस दौरान उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
युवक के जाने के बाद पत्नी ने भी दी धमकी
एफआईआर के अनुसार युवक के जाने के बाद उसकी पत्नी भी कार्यालय पहुंची और बिजली अधिकारियों से विवाद करते हुए कार्रवाई कराने की धमकी दी। बिजली विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दर्शन भाटिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 296(ए) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना का वीडियो और अन्य साक्ष्य भी जांच में शामिल किए जा रहे हैं।
