जानकारी के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन तीर्थयात्रियों को लेकर काशी, वाराणसी व गया के दर्शन कराने के बाद वापस लौट रही थी। मृतका की पहचान पुष्पा पलानिवेलु उम्र 72 वर्ष के रूप में हुई। सफर के दौरान अचानक पुष्पा की हालत बिगड़ी और देखते ही देखते उन्होंने दम तोड़ दिया। ट्रेन के नैनपुर स्टेशन पहुंचते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल सक्रिय हो गए। नैनपुर स्टेशन पर जीआरपी थाना प्रभारी दिनेश बढ़ई, आरपीएफ व अन्य रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कोच से नीचे उतारा। पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल भेजा। मदुरई में रह रहे महिला के परिजनों को घटना की तत्काल सूचना दे दी गई है। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला के पार्थिव देह को ट्रेन मैनेजर की देखरेख में एम्बुलेंस के जरिए नागपुर के लिए रवाना किया गया। वहां से शव को उनके गृह नगर मदुरई ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।
Tags
mandla