जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में स्थित पचमठा मंदिर परिसर में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन बेहद भव्य स्तर पर होने जा रहा है। हनुमान मंदिर सेवा समिति और महिला मंडल द्वारा आयोजित यह उत्सव इस बार अपनी सेवा के 26 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में विशेष रहेगा। इस तीन दिवसीय हनुमंत प्रागटय महोत्सव का शुभारंभ 31 मार्च से होगा जो 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण महालड्डू का भोग और सवा करोड़ लिखित राम नाम का अर्पण रहेगा। श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक लिखे गए इन राम नामों को जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हनुमान जी के चरणों में समर्पित किया जाएगा।
ऐसी है आयोजन की रूपरेखा
कार्यक्रम का श्रीगणेश 31 मार्च 2026 को महालड्डू के प्रथम पूजन और दर्शन के साथ होगा। इसके पश्चात महोत्सव के दूसरे दिन यानी 1 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। इसी दिन फूलों के साथ लड्डू की होली भी खेली जाएगी, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन समिति ने दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं ताकि तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में आने वाले भक्तों को सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकें।
मुख्य आयोजन और महाप्रसाद वितरण
हनुमान जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 2 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा। धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम प्रातः 6:00 बजे भगवान के अभिषेक के साथ शुरू होगा। इसके बाद सुबह 10:00 बजे सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे से महालड्डू प्रसादम का वितरण अनवरत रूप से प्रारंभ होगा, जो देर रात तक जारी रहेगा। इस अवसर पर भगवान को छप्पन भोग भी अर्पित किए जाएंगे। उत्सव का समापन रात्रि 10:00 बजे भव्य महाआरती के साथ होगा। पचमठा मंदिर परिसर गढ़ा में आयोजित इस महोत्सव में हनुमान मंदिर सेवा समिति और महिला मंडल के सभी सदस्य सक्रिय रूप से व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
