जबलपुर। एमपी के सबसे बड़े फ्लाईओवर पर रील बनाने, बर्थ-डे मनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जबलपुर में फिर ताजा मामला सामने आया है। यहां पर युवती ने अपने साथियों के साथ फ्लाई ओवर के बीच में बर्थ डे सेलीब्रेट किया। इस दौरान युवती ने साथियों के साथ जमकर डांस व आतिशबाजी की। कुछ देर के लिए लोगों को यहां पर रुकना पड़ गया।
चर्चाओं में यह बात सामने आई कि युवती अपने साथियों के साथ फ्लाई ओवर पर पहुंची और बीच में मोटर साइकल व अन्य वाहन खड़े कर अपने बर्थ डे का केक काटने लगी। केट काटने के बाद जमकर आतिशबाजी की, इसके बाद सड़क पर डांस करते हुए रील बनाती रही। फ्लाई ओवर पर डांस व आतिशबाजी होते देख राहगीरों को न चाहते हुए रुकना पड़ा, कई को तो रास्ता बदलकर जाना पड़ा। खबर है कि यह दो दिन पहले का घटनाक्रम है जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि फ्लाईओवर पर वीडियो और रील बनाने पर पुलिस पहले ही प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बाद भी यहां कई बार युवक-युवतियां वीडियो शूट करते और स्टंट करते नजर आ रहे है। पुलिस अधिकारियों के पास आज यह वीडियो पहुंचा है, जिसपर पुलिस अब जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इससे पहले ब्रिज बनने के बाद एक वीडियो सामने आया था। जिसमें फ्लाईओवर पर चलती कार की छत पर कुछ युवक बैठे थे और कुछ लड़के गेट से बाहर लटक रहे थे। ये वीडियो गौरीघाट के रहने वाले मोहन सेन ने अपने दोस्तों के साथ बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। मोहन ने माना कि उसने यातायात नियमों का उल्लंघन किया और अपनी जान जोखिम में डाली। जबलपुर पुलिस ने मोहन की गाड़ी का 3 हजार रुपए का चालान कर नोटिस भेजा।
Tags
jabalpur