![]() |
| महामना मालवीय जी की प्रतिमा का अपमान |
जबलपुर। शहर के मालवीय चौक पर रविवार रात भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का जश्न मना रहे कुछ युवकों ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं। जीत के उत्साह में इन युवकों ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शिक्षाविद पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा के साथ अभद्र व्यवहार किया। युवक जूते पहनकर प्रतिमा पर चढ़ गए और उसके शीर्ष भाग पर बैठकर हंगामा करने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शहर के नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस ने जब इन्हें रोकने की कोशिश की तो बेलगाम युवाओं ने पुलिस से झूमाझटकी की और उनकी वर्दी फ़ाड़ दी।
प्रतिमा पर चढ़कर किया दुर्व्यवहार
घटनाक्रम के अनुसार रविवार रात को मैच में भारत की जीत के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह का माहौल था। इसी बीच कुछ युवक मालवीय चौक पहुंचे और वहां स्थापित पंडित मदनमोहन मालवीय की आदमकद प्रतिमा पर चढ़ गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक जूते पहने हुए हैं और प्रतिमा के सिर पर बैठकर शोर मचा रहे हैं। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे कृत्य का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने इसे शहर की सांस्कृतिक गरिमा पर प्रहार बताया है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पंडित मदनमोहन मालवीय बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 4 बार अध्यक्ष रहे थे। उनके जैसे महान व्यक्तित्व के प्रति इस तरह का अनादर देखकर सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए महापुरुषों की प्रतिमाओं के निकट सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
