जबलपुर। आगामी 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन हेतु आने जाने वाले रेल यात्रियों के स्वास्थ्य एवं प्राथमिक उपचार हेतु जबलपुर रेल मंडल द्वारा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्यों को प्राथमिक उपचार हेतु तैनात किया गया है।
ब्रिगेड के कोर कमांडर श्री वरुण चतुर्वेदी द्वारा इस संबंध में 35 स्वयंसेवकों को मैहर में 9 दिनों तक 24 घंटे स्वास्थ्य शिविर लगाने हेतु लिस्ट जारी की गई है। इस संबंध में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सचिव सादिक खान तथा संयुक्त सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी संस्था के सदस्य 24 घंटे मैहर स्टेशन पर तैनात रहेंगे तथा किसी भी तीर्थयात्री के अस्वस्थ या चोटिल होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी संस्था द्वारा लगभग 350 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया था रेलवे द्वारा प्रतिवर्ष उक्त संस्था को इस परोपकारी कार्य के लिए मैहर में नियुक्त किया जाता है।
