पुलिस के अनुसार चोरमारी निवासी संजीव मिश्रा का बेटा आर्यन उम्र 15 वर्ष व सूर्यवली विश्वकर्मा का बेटा आयुष 13 वर्ष नहर किनारे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल खत्म होने के बाद दोनों नहाने के लिए नहर में उतरे थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने जब उन्हें डूबते हुए देखा तो उन्होंने तुरंत गांव जाकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत नहर किनारे पहुंचे और अपने स्तर पर तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरु की लेकिन बच्चों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। बच्चों के लापता होने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।