भोपाल। लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर गए एमपी के जूनियर डॉक्टरों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के साथ हुई बैठक के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने हड़ताल को 16 मार्च तक टालने का निर्णय लिया।
सोमवार 9 मार्च को सुबह 9 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल शाम 5 बजे तक जारी रही, जिसके कारण कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी सेवाएं और जनरल सर्जरी प्रभावित रहीं। सरकार की ओर से लंबित स्टाइपेंड संशोधन और एरियर के जल्द भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद जेडीए ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। जेडीए की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि बैठक में जूनियर डॉक्टरों की सभी लंबित मांगों पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई है। सरकार ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है, जिसके चलते फिलहाल हड़ताल टालने का फैसला लिया गया है।
पूरे प्रदेश भर के मेडिकल कालेजों में परेशान होते रहे मरीज
हड़ताल के कारण अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीज सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
