khabar abhi tak

पमरे की इस ट्रेन में लगी आग, टीटीई की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, बमुश्किल पाया काबू

कोटा. पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत चलने वाली ट्रेन संख्या 19803 कोटा- श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के दौरान टिकट निरीक्षक की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार ट्रेन रविवार की रात 9 बजे मथुरा से रवाना हुई थी। टिकट जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक इंसाफ अली को जलने की गंध महसूस हुई।

उन्होंने तुरंत दरवाजे से बाहर देखा तो बी-3 कोच के पहिए के पास धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल आपातकालीन जंजीर खींचकर लगभग 9:40 बजे ट्रेन रुकवाई। इसके बाद ऑनबोर्ड स्टाफ की मदद से विभिन्न कोचों में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। कुल 15 अग्निशामक यंत्रों के उपयोग से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

घटना की सूचना नियंत्रण कक्ष के माध्यम से अधिकारियों को दी गई। एहतियात के तौर पर संबंधित खंड में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई और समीपवर्ती ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोकी गई। आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन रात 10:03 बजे पुन: गंतव्य की ओर रवाना हुई। अगले स्टेशन पर तकनीकी जांच कर सुरक्षा सुनिश्चित की गई। रेलवे प्रशासन ने इंसाफ अली की सतर्कता और साहस की सराहना की है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak