पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमगवां निवासी माधुरी चौधरी उम्र 18 वर्ष बीते 3 मार्च की शाम को शौच के लिए घर से निकली,इसके बाद वह नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी। माधुरी का कोई पता नहीं चलने पर उसके परिजनों ने 5 मार्च को जैतहरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन माधुरी की जुड़वां बहन सीता को पता चला कि माधुरी, शंकर उर्फ अभय राठौर नाम के एक युवक से फोन पर बात करती थी। युवक भी उसी दिन से लापता था। इसके बाद जब माधुरी के परिजन युवक के घर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि शंकर उर्फ अभय राठौर भी 3 मार्च से ही लापता है। बीती शाम परिजन को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है और उसकी हालत गंभीर है। जानकारी मिलने पर पता चला कि माधुरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन रात में अनूपपुर जिला अस्पताल पहुंचे तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां शंकर उर्फ अभय राठौर उम्र 20 वर्ष पिता जीवन राठौर निवासी उमरिया जहर खाए गंभीर हालत में भर्ती मिला। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार संभावना है कि युवक और युवती 3 मार्च को जैतहरी से बाहर चले गए थे। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि दोनों शनिवार दोपहर नर्मदा ट्रेन से वापस लौटे थे। गांव पहुंचने से पहले रास्ते में ही दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था।