जबलपुर। नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के कार्यों और शहर के विकास में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जवाबदेही के साथ निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
जनगणना और हाउस नंबरिंग के लिए विशेष अभियान
राष्ट्रीय जनगणना से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने हाउस नंबरिंग की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पाबंद किया है कि हाउस नंबरिंग का यह महत्वपूर्ण कार्य आगामी 9 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। कार्य की महत्ता को देखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि कल सुबह 7 बजे से ही निगम का अमला मैदान में उतरकर इस अभियान को संचालित करेगा। आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि आंकड़ों का संकलन समय पर हो सके।
राजस्व वसूली के लक्ष्य,अवकाश पर रोक
नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करने के लिए राजस्व वसूली अभियान की भी गहन समीक्षा की गई। आयुक्त ने वित्तीय लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के लिए कठोर कदम उठाए हैं। इसके तहत आगामी 31 मार्च तक राजस्व वसूली से जुड़े समस्त अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। विशेष और अपरिहार्य परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी। वसूली बढ़ाने के लिए कर्मचारियों को सुबह 7 बजे से फील्ड में सक्रिय रहने को कहा गया है। आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि वसूली अभियान के दौरान नागरिकों के साथ अधिकारियों का व्यवहार शालीन और व्यवहारकुशल होना चाहिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी निगरानी
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में जारी सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए सभी तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं निर्माण स्थल पर उपस्थित रहकर उच्च मापदंडों के अनुरूप कार्य संपन्न कराएं। बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव और श्रीमती अंजू सिंह ठाकुर सहित सभी प्रमुख विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
