हैदराबाद. आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में होली के दिन बुधवार 4 मार्च को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक कार और ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना बेंगलुरु-चेन्नई नेशनल हाईवे पर गंगावरम मंडल में डुंडापल्ली क्रॉस के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार ने पीछे से एक चलते ट्रक को टक्कर मार दी। कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
तिरुमाला मंदिर दर्शन करने जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि मरने वाले लोग बेंगलुरु के राजाजी नगर इलाके के रहने वाले थे और तिरुमाला में दर्शन के लिए जा रहे थे। ट्रक पलामनेरू में सीमेंट उतारने के बाद कुरनूल जा रहा था। मरने वालों की पहचान मोहन दास (71), नागराज राव (61), कुसुमा (61), जयंती (59) और पूजा (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंगावरम सर्कल इंस्पेक्टर रामभूपाल ने कहा कि उन्होंने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रहे हैं।
