मरीज लंबे समय से मूत्र मार्ग से जुड़ी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। उसे यूरिन के दौरान तेज जलन होना, रुक-रुककर पेशाब आना और यूरिन के साथ खून आने जैसी निरंतर शिकायतें थीं
जबलपुर। उखरी चौक स्थित एक निजी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विज्ञान का एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां के चिकित्सकों ने एक 78 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की पेशाब की थैली का सफल ऑपरेशन किया है। इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी के दौरान मरीज के शरीर से छोटे और बड़े आकार के कुल 500 से अधिक पथरी के टुकड़े बाहर निकाले गए हैं। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में पथरी का पाया जाना सामान्य नहीं है। मरीज लंबे समय से मूत्र मार्ग से जुड़ी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। उसे यूरिन के दौरान तेज जलन होना, रुक-रुककर पेशाब आना और यूरिन के साथ खून आने जैसी निरंतर शिकायतें थीं। इन लक्षणों के चलते बुजुर्ग की शारीरिक स्थिति काफी कष्टदायक हो गई थी। प्रारंभिक चिकित्सीय जांच में यूरिन की थैली के भीतर भारी मात्रा में पथरी होने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद विशेषज्ञों ने सर्जरी का निर्णय लिया।
आधुनिक तकनीक से हुआ उपचार
इस जटिल प्रक्रिया को अत्याधुनिक दूरबीन पद्धति के जरिए सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार यह एक संवेदनशील ऑपरेशन था लेकिन तकनीक के सही तालमेल से इसे सुरक्षित रूप से पूरा कर लिया गया। ऑपरेशन के बाद अब मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वह स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। मरीज के परिजनों ने सफल उपचार मिलने पर राहत की सांस ली है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानव शरीर में खनिज पदार्थों के असामान्य जमाव के कारण पथरी बनने की समस्या उत्पन्न होती है। इससे बचाव के लिए स्वास्थ्य के प्रति सजगता अनिवार्य है। प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और संतुलित आहार का सेवन करना इस समस्या को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। समय पर लक्षणों की पहचान और उचित डॉक्टरी परामर्श से ऐसी गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है।
