एमपी : आर्मी मेजर की कार ने 5 गाडिय़ां उड़ाईं, 4 घायल, महिला और गुस्साई भीड़ ने पीटा

 
महू. मध्य प्रदेश के इंदौर के समीप महू में आर्मी मेजर ने अपनी कार से एक बाद एक 5 गाडिय़ों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक महिला ने मेजर की चप्पल से पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने भी पीटा। घटना इंदौर-महू मार्ग पर किशनगंज रेलवे ब्रिज के नीचे रविवार 1 मार्च की सुबह करीब 8 बजे की है। हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने घायलों को महू के सिविल अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति में थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवारों को टक्कर मारी। टक्कर के बाद कुछ बाइक सड़क पर दूर तक घिसट गईं।

पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी राहुल शर्मा का कहना है कि अभी तक घायलों में से किसी ने भी केस दर्ज नहीं कराया है। कार चालक आर्मी का मेजर है। उसके दस्तावेजों की जांच जारी है। हादसे के कारण 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया। जिस मेजर ने बाइक सवारों को टक्कर मारी, वह महू की आर्मी यूनिट में पदस्थ है। मेजर तेज रफ्तार कार चलाते हुए इंदौर की ओर से महू आ रहा था, तभी महू से इंदौर की ओर ब्रिज चढ़ रहे वाहन चालकों को टक्कर मारते हुए थोड़ी दूर घसीटता हुआ ले गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post