khabar abhi tak

जबलपुर से रायपुर तक एनएच- 30 बनेगा फोरलेन, बायपास के निर्माण को भी मिली सहमति, गडकरी ने दी मंजूरी

रायपुर/जबलपुर। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को जोडऩे वाला जबलपुर-मंडला-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग- 30 अब पूरी तरह फोरलेन में तब्दील होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को पटल पर रखा।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा तक के 122 किलोमीटर लंबे खंड को फोरलेन करने और कवर्धा बायपास के निर्माण पर अपनी सहमति दे दी है।

छग को जबलपुर होकर उत्तर भारत से जोडऩे वाला प्रमुख गलियारा

उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि जबलपुर से चिल्फी तक के 160 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन की स्वीकृति मिल चुकी है। चिल्फी से सिमगा तक का मार्ग ही टू लेन है। जबलपुर-मंडला सेक्शन के फोरलेन बनने के बाद यातायात का पूरा दबाव इस टू लेन खंड पर आ जाएगा। भारी मालवाहक वाहनों की अधिकता के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यह मार्ग व्यावसायिक और सामाजिक दृष्टि से छत्तीसगढ़ को उत्तर भारत से जोडऩे वाला प्रमुख गलियारा है।

जबलपुर से रायपुर तक निर्बाध सफर

नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद रायपुर लौटे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सिमगा से रायपुर और धवईपानी से जबलपुर तक के आदेश पहले ही जारी हो चुके थे, लेकिन बीच का यह हिस्सा शेष था। अब इस स्वीकृति के बाद जबलपुर से रायपुर तक का पूरा सफर निर्बाध फोरलेन मार्ग पर तय हो सकेगा। उन्होंने त्वरित निर्णय के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak