विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया विशेष जोर
जबलपुर। मां अंजनी सेवा समिति, ईज़ लाइफ फिज़ियोथैरेपी सेंटर, निवारण और रेडक्लिफ पैथोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ शिखा लारिया, रिम्पी कौर सिद्धू, संध्या पाठक, नीतू संघी और अर्चना खंडेलवाल जैसी मातृशक्तियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज की अन्य महिलाओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का विशेष प्रयास किया। वर्तमान में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में रक्तदान का प्रतिशत काफी कम है। यदि महिला वर्ग इस क्षेत्र में अपनी सहभागिता बढ़ाता है तो रक्त की कमी के कारण होने वाली अकाल मृत्यु को रोकने में बड़ी सफलता मिल सकती है। थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, कैंसर और डेंगू जैसी बीमारियों के साथ ही गंभीर दुर्घटनाओं, जटिल शल्य चिकित्सा और प्रसव के दौरान मरीजों को निरंतर रक्त की आवश्यकता बनी रहती है। विशेषकर गर्मी के मौसम और कॉलेजों में परीक्षा के समय सभी ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी हो जाती है। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले वरिष्ठ रक्तदाताओं सरबजीत सिंह नारंग, किशोर थारवानी, शैलेश जैन और विकास खंडेलवाल का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर नीतू मोहित संघी, डॉ. रूपांशु मेहरा, डॉ. विनीता घनघोरिया, डॉ.संजय असाटी, डॉ.अंकुर सिंह और अनिल पटेल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
