जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर गुरुवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 'असली' और 'नकली' के विवाद में एक व्यक्ति की सरेराह जमकर धुनाई कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, असली किन्नरों के एक गुट को सूचना मिली थी कि उनके निर्धारित क्षेत्र में एक युवक किन्नर की वेशभूषा धारण कर लोगों से अवैध रूप से वसूली और दान मांग रहा है। इसी बात से आक्रोशित होकर किन्नरों का एक समूह कार में सवार होकर मौके पर पहुँचा और युवक को चारों तरफ से घेर लिया।
बीच सड़क पर फाड़े कपड़े और फिर कार में डालकर ले गए साथ
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह विवाद इतना उग्र था कि बीच सड़क पर ही युवक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी गई। हंगामे के दौरान हमलावर किन्नरों ने युवक के कपड़े तक फाड़ दिए। शहर के व्यस्ततम लिंक रोड पर जब यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चल रहा था, तब वहां राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। मारपीट के बाद, असली किन्नर उस युवक को जबरन अपनी कार में बैठाकर वहां से रवाना हो गए। हैरानी की बात यह है कि व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज का कहना है कि सोशल मीडिया और चर्चाओं के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई पीड़ित रिपोर्ट लिखवाने आता है, तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
