khabar abhi tak

स्वामी विवेकानंद की चेतना से महकी संस्कारधानी


जबलपुर में सामूहिक सूर्य नमस्कार का महा-आयोजन,1500
 छात्रों संग उपमुख्यमंत्री ने किया सूर्य नमस्कार

जबलपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती "युवा दिवस" के पावन अवसर पर आज जबलपुर के पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। उनके साथ जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों सहित लगभग डेढ़ हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया।

योग केवल व्यायाम नहीं, वैज्ञानिक प्रक्रिया है


उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के चेतना पुरुष थे, जिनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है जो मन को नियंत्रित कर सत्य तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने युवाओं से स्वामी जी के आदर्शों को अपनाकर भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी किया योग

​सामूहिक सूर्य नमस्कार के इस आयोजन में जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' (महापौर),​ अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े (विधायक),​श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया (जिला पंचायत अध्यक्ष), रिकुंज विज (नगर निगम अध्यक्ष), अखिलेश जैन (प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष), रत्नेश सोनकर (भाजपा नगर अध्यक्ष), कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने भी विद्यार्थियों के साथ योग क्रियाएं कीं।

राष्ट्रभक्ति और योग का संगम

​कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया गया। साथ ही स्वामी विवेकानंद द्वारा शिकागो धर्म सम्मेलन में दिए गए ऐतिहासिक भाषण का हिंदी अनुवाद भी सुनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्कूली बच्चों ने रेडियो से प्रसारित निर्देशों के अनुरूप सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसन और प्राणायाम किए।अंत में, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन संदीपा स्थापक पचौरी द्वारा किया गया। मॉडल स्कूल के साथ-साथ जिले की समस्त ग्रामीण और शहरी शैक्षणिक संस्थाओं में भी इसी प्रकार के आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak