khabar abhi tak

गुंडों का आतंक: महिला कारोबारी के घर 24 घंटे में दो बार बमबाजी, दहशत


दो महीने में तीन हमले, फिर भी गिरफ्त से बाहर आरोपी; दहशत में कारोबारी परिवार

जबलपुर। शहर के घमापुर थाना अंतर्गत चुंगी चौकी इलाके में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक महिला टेंट कारोबारी पूनम थदानी के घर पर 24 घंटे के भीतर दो बार बमों से हमला किया। रविवार और सोमवार रात हुए इन हमलों में आरोपियों ने 'सूअर मार' बमों और पत्थरों का इस्तेमाल किया। रविवार को हुए हमले में पूनम की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके चेहरे के पास बम फटा था। सोमवार को भी बदमाशों ने तब बम फेंके जब बड़ी बेटी पोर्च में बैठी थी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। पीड़ित पूनम थदानी का आरोप है कि बदमाश यश ठाकुर और जीतू ठाकुर भागते समय खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि तुम शिकायत करते जाओ, हम हमला करते रहेंगे। परिवार का कहना है कि आरोपी उनके मकान और बगल के प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं, जिसके लिए उन्हें लगातार डराया जा रहा है।

छेड़खानी के विरोध से शुरू हुआ विवाद, दो महीने में तीन बार हमला

​विवाद की जड़ 12 नवंबर 2025 की एक घटना है, जब आरोपी यश ठाकुर अपने साथियों के साथ मोहल्ले की छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था। पूनम थदानी ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाश उनके दुश्मन बन गए। इसके बाद 20 नवंबर को आरोपियों ने टेंट हाउस में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी और घर के बाहर खड़ी कार व ऑटो को भी निशाना बनाया था। हैरानी की बात यह है कि पिछले दो महीनों में परिवार पर तीन बार बड़े हमले हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों के परिवार वाले भी पुलिस के सामने ही शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। फिलहाल, लगातार हो रही बमबाजी से पूरा परिवार दहशत में है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak