तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने अध्यापकों को चुनाव कार्य से मुक्त करने की उठाई मांग
जबलपुर। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जबलपुर ने छात्र-अध्यापकों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य से मुक्त किए जाने की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अतुल मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष नितिन अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब निर्णय लेने का आग्रह किया।संघ ने ज्ञापन में बताया कि प्रगत शिक्षा संस्थान, राज्य विज्ञान संस्थान, डाइट तथा विभिन्न बीएड, डीएड और एमएड पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत शासकीय एवं अशासकीय छात्र-छात्राओं को 28 नवंबर 2025 से लगातार निर्वाचन संबंधी SIR कार्य में लगाया जा रहा है। इस कारण छात्र-अध्यापक अपनी नियमित पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। संघ का कहना है कि अगले माह इन सभी पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन निरंतर ड्यूटी के चलते छात्रों को अध्ययन के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा की नजदीकी को देखते हुए छात्र-अध्यापकों को तत्काल SIR कार्य से मुक्त किया जाए, ताकि वे बिना किसी दबाव के आगामी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांतीय महामंत्री अतुल मिश्रा, नितिन अग्रवाल, दुर्गेश पांडे, प्रमोद वर्मा, वीरेंद्र सिंह, सुनील राय, अभिषेक मिश्रा, एस.के. प्रधान, राजेश गुप्ता, निमेष नेमा, प्रभात जाट, प्रमोद विश्वकर्मा, उमाचरण झरिया, माधव पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
