khabar abhi tak

पुलिस को दिखाए अवैध शराब बेचने के फुटेज, देखें वीडियो



अवैध शराब कारोबार की शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज नागरिक, एसपी को दी लिखित शिकायत

जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में कथित अवैध शराब कारोबार और पुलिस की शिथिलता को लेकर शारदा चौक निवासी सुरेंद्र चक्रवर्ती ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर को विस्तृत शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि मनोज कुमार गोस्वामी उर्फ टोनी नामक व्यक्ति पिछले कई वर्षों से लम्हेटा मोड़ स्थित स्कूल परिसर के पास मुख्य सड़क पर अवैध शराब का धंधा संचालित कर रहा है और कार्यवाही से पूर्व ही थाना स्टाफ को सूचना लीक कर दी जाती है।शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पूर्व में इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, जिसके आधार पर आबकारी विभाग और तिलवारा थाना को जांच के निर्देश हुए थे। लेकिन, आरोप है कि कार्रवाई की सूचना पहले ही आरोपी तक पहुँचने से मौके से किसी भी प्रकार का साक्ष्य नहीं मिलता और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। सुरेंद्र चक्रवर्ती ने यह भी बताया कि 3 दिसंबर 2025 की रात, जब वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तब आरोपी मनोज गोस्वामी और उसके साथी ने उनसे शराब कारोबार की शिकायत करने पर विवाद किया। बाद में जब शिकायत दर्ज कराने वे तिलवारा थाने पहुँचे, तब आरोपी भी वहाँ मौजूद था और कथित रूप से पुलिस कर्मचारियों पर दबाव डालते हुए शिकायतकर्ता के विरुद्ध ही रिपोर्ट लिखने की बात कह रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद न तो उनका मुलाहिज़ा कराया गया और न ही आरोपितों पर आवश्यक कार्रवाई की गई, जिसके कारण क्षेत्र में भय का वातावरण है।

जेल जा चुका है आरोपी

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में शिकायतकर्ता सुनील कुमार जैन से मारपीट के एक मामले में आरोपी जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक रिकॉर्ड का अंदाजा लगाया जा सकता है।चक्रवर्ती ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र टीम गठित की जाए, संबंधित थानों को पूर्व सूचना न दी जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। पुलिस प्रशासन की ओर से शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की गई है। आगे की कार्रवाई संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak