निर्माणाधीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरा था ' भागवत '
जबलपुर। गढ़ा के निर्माणाधीन दत्त सलिटियर अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर काम कर रहे मजदूर अपार्टमेंट के मालिक सुधीर दत्त और सुपरवाइजर निखिल चौरसिया की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। यह मजदूर चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। यह खुलासा पुलिस ने मर्ग जांच में किया है। पुलिस ने सुधीर और निखिल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
गढ़ा पुलिस ने बताया कि 8 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज से सूचना मिली कि निर्माणाधीन दत्त सलिटियर अपार्टमेंट में काम करते समय चौथी मंजिल से गिरने से भागवत सिंह निवासी घोंटखेड़ा थाना टिकरिया जिला मंडला को उपचार हेतु लाया गया था, जिसे डाक्टर ने चैक कर मृत घोषित कर दिया था।
दौरान मर्ग जांच घटना स्थल के साक्षियों के कथन लेख किये गये जिन्होंने अपने कथनों में बताया कि भागवत सिंह उइके घटना दिनांक को सुधीर दत्त के निर्माणाधीन दत्त सलिटियर अपार्टमेंट में बिल्डिंग की चौथी मंजिल में मजदूरी का काम कर रहा था। सुधीर दत्त द्वारा निखिल चौरसिया को काम की देखरेख के लिये लगाया था। अपार्टमेंट बनवा रहे सुधीर दत्त एवं सुपरवाईजर निखिल चौरसिया के द्वारा बिल्डिंग में उंचाई पर काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किये गये थे। इसी कारण काम करते समय भागवत सिंह बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिर गया था।
