बैतूल। एमपी के बैतूल में गंज क्षेत्र स्थित सागौन बाबा दरबार में पूजा कर रहे नाबालिग विवेक मरकाम पर 15 लोगों ने लाठी, राड व फावड़ा से हमला कर दिया। हमले में घायल नाबालिग को अस्पताल में भरती कराया गया। जहां पर तड़के नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। नाबालिग ने मौत से पहले पुलिस को बयान देकर पूरा घटनाक्रम बताया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार काला पाठा निवासी विवेक मरकाम उम्र 17 वर्ष सागौन बाबा दरबार में पूजा कर रहा था। इस दौराान तभी अनिकेत उर्फ अन्नू ठाकुर अपने 10-15 साथियों के साथ आया और विवेक को जबरन उठाकर चुन्नीढाना ले गया। जहां पर विवेक पर लाठी, राड व फावड़ा से कई बार किए। हमले में विवेक के शरीर पर गंभीर चोटें आई और वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने विवेक को खून से लथपथ बेहोशी की हालत में देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देर शाम जिला अस्पताल में भरती कराया। विवेक के सिर पर कई घाव थे, आक्सीजन व शुगर लेवल तेजी से गिर रहा था। इस बीच पुलिस को विवेक ने घटनाक्रम की जानकारी दी। आज तड़के विवेक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि विवेक और अन्नू ठाकुर के बीच पुराना विवाद था। कुछ समय पहले भग्गू ढाना क्षेत्र में हुई एक नाबालिग की हत्या के मामले में विवेक आरोपी था। विवेक पर अन्नू ठाकुर पर भी हमले का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसारए मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर एनएसए के मामले में आरोपी रह चुका है। फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर है। इस मामले में अन्नू ठाकुर, कृपाल, रोहित व 4-.5 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।