जबलपुर। रेत सिंडीकेट में दरार सामने आ रही है। शहपुरा के झांसीघाट में बुधवार की रात घर के सामने खड़े दो हाइवा में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इससे हाइवा आग से जलकर खाक हो गए। पुलिस मामला दर्ज करके आरोपियों की छानबीन कर रही है।
शहपुरा पुलिस ने बताया कि झांसीघाट में हनुमंत के भाई रोहित मल्लाह के दो हाईवा आग से फूंक दिए गए हैं। मौके पर फायरबिग्रेड पहुंची थी लेकिन तब तक हाइवा आग से खाक हो चुके थे। मौके पर आस-पड़ोसियों के हो-हल्ले से आरोपी भाग गए थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आग लगाने वालों को वे पहचानते हैं। पुलिस ने रेत व्यापारी विपेंद्र सिंह राजपूत और उसके तीन साथियों के खिलाफ आगजनी, संपत्ति नुकसान और शांति भंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
ये रहा मामला
धनवंतरि नगर के पीएनटी कॉलोनी निवासी रेत व्यापारी विपेंद्र सिंह राजपूत ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि विपेंद्र ने शहपुरा के झांसीघाटा निवासी लखन मल्लाह से रेत खरीदी थी। 26 हजार रुपए बकाया थे। बार-बार मांगने के बावजूद रुपए न मिलने पर 7 नवंबर को लखन मल्लाह अपने साथियों हनुमंत, आकाश और अरविंद मल्लाह के साथ विपेंद्र को बातचीत के बहाने बुलाया था। बात नहीं बनने पर चारों ने विपेंद्र को कार में जबरन बैठाकर उसका अपहरण किया। कई घंटे तक शहर में घुमाते रहे। चलती कार में मारपीट की। उसे सड़क किनारे फेंककर भाग गए थे। विपेंद्र की शिकायत पुलिस ने 9 नवंबर को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।