अतिथि शिक्षकों के वेतन में लापरवाही, भोपाल से कसा शिकंजा तो जुट गए काम में
जबलपुर। अतिथि शिक्षकों के वेतन भुगतान में घनघोर लापरवाही करने वाले जबलपुर जिले के पांच बीएलओ ब्लॉक लेवल आॅफिसर पर स्कूल शिक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा नोटिस जारी किए गये हैं। नोटिस पाने वालों में पनागर, कुंडम, जबलपुर ग्रामीण,शहपुरा एवं सिहोरा बीएलओ को नोटिस थमाया है। इन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी करके आदेशित किया गया है कि दिनांक 10 नवंबर तक सभी अतिथि शिक्षकों का वेतन रिलीज करें। लोक शिक्षण मध्य प्रदेश के संचालक केके द्विवेदी ने अपने पत्र में लिखा है कि, दिनांक 13 अक्टूबर 2025 में विडियों कॉफ्रेंसिंग मे दिये गये निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालयों में रिक्त पदों के विरूद्ध आमंत्रित किये गये अतिथि शिक्षकों की हमारे शिक्षक एप्प के माध्यम से ई-अटेंडेंस के आधार पर प्रतिमाह 5 तारीख तक अतिथि शिक्षकों को मानदेय भुगतान करने के निर्देश है, किन्तु यह अत्यंत खेद का विषय है, कि माह सितम्बर एवं अक्टूबर 2025 का विकासखण्ड अधिकारियों द्वारा शत-प्रतिशत अतिथि शिक्षकों के मानदेय अॉनलाईन जनरेट नहीं किया गया है।
-10 तारीख की डेडलाइन
माह सितम्बर 2025 एवं अक्टूबर 2025 तक की उपस्थिति के आधार पर दिनांक 10 नवंबर 2025 तक अतिथि शिक्षकों के अॉनलाईन बिल जनरेट कर, मानदेय भुगतान की कार्यवाही पूर्ण करें। अन्यथा की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा प्रतिमाह 10 तारीख के पूर्व अनिवार्यतः अतिथि शिक्षकों के अॉनलाईन बिल जनरेट कर मानदेय भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
