khabar abhi tak

महिला सब-इंजीनियर ने प्रमोशन पाने बनवाया फर्जी लैटर, जांच के बाद खुलासा, अब FIR दर्ज

सिंगरौली। एमपी के सिंगरौली नगर निगम में सब-इंजीनियर शिवानी गर्ग ने प्रमोशन पाने के लिए फर्जी लैटर बनवाया और कमिनश्रर के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। लैटर पर संदेह होने पर पत्र को भोपाल भेजा गया, जहां पर जांच में लैटर फर्जी पाया गया। इस मामले की शिकायत पर सब इंजीनियर शिवानी गर्ग पर फर्जी दस्तावेज बनाकर पदोन्नति का फायदा लेने के आरोप में धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बैढऩ कोतवाली पुलिस ने नगर निगम कमिश्नर की शिकायत पर की है।                                                                           
                                         खबर है कि शिवानी गर्ग सिंगरौली नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने 21 अगस्त 2025 को एक पदोन्नति आदेश प्रस्तुत किया। जिसमें दावा किया गया था कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय भोपाल से सहायक यंत्री के पद पर पदोन्नत किया गया है। शिवानी ने यह आदेश नगर निगम में जमा करते हुए कार्यभार दिए जाने की मांग की। नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान को आदेश की सत्यता पर संदेह हुआ। उन्होंने भोपाल के नगरीय प्रशासन विभाग व मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर जांच कराई। जांच में 4 नवंबर 2025 को पुष्टि हुई कि शिवानी गर्ग का कोई पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुआ है, प्रस्तुत दस्तावेज पूरी तरह से फर्जी है। यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित आदेश न तो जारी किया गया था और न ही प्रमाणित था। इसके बाद कमिश्नर ने बैढऩ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने बताया कि फर्जी दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय का फर्जी आदेश कैसे तैयार हुआ और इस प्रक्रिया में कौन-कौन शामिल हो सकता है।

एक महीने की छुट्टी लेकर सब-इंजीनियर फरार-्र

खबर है कि पदोन्नति पत्र संदिग्ध पाया गया तब कमिश्नर ने शिवानी को आवास योजना अनुभाग में अटैच कर दिया था। सब इंजीनियर एक महीने की छुट्टी लेकर फरार है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है। शिवानी गर्ग की 6 महीने पहले ही शादी हुई है। आज ही शिवानी गर्ग पर केस दर्ज किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak