जमीन विवाद पर सगे भाई के परिवार में टकराव, दोनों ओर से चले घातक हथियार, मामा-भांजे, नाना की मौत

 

अशोक नगर। एमपी के अशोक नगर स्थित ग्राम करैया बैनेट में 8 बीघा जमीन के लिए दो सगे भाईयों के बीच टकराव हो गया। जिसमें दोनों ओर से एक दूसरे पर घातक हथियारों से हमला किया गया। हमले में मामा-भांजे व नाना के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौत हो गई। 

                                बताया गया है कि कचनार क्षेत्र के करैया बैनेट गांव में खिलान सिंह यादव उम्र 75 वर्ष के पास 8 बीघा जमीन है। खिलान सिंह अपने बड़े बेटे राजमहेंद्र के साथ रहते थे। राजमहेंद्र ने कुछ दिन पहले खेत में सरसों की फसल बोई थी। शाम को खिलान सिंह का छोटा बेटा कृष्णभान अपने भांजे पवन के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचा और पहले से बोए गए खेत में पंजा चलाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के लोग आ गए। जिन्होने एक दूसरे पर फरसा, तलवार व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में पवन यादव व खिलान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कृष्णभान यादव के शरीर पर गंभीर चोटें आई। जिन्हे अशोक नगर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में कृष्णभान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतक कृष्णभान की बेटी राधिका की शिकायत पर राज महेंद्र, धर्मवीर, राजवीर व खिलान यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इसमें से खिलान यादव की मौत हो चुकी है। दूसरे पक्ष के फरियादी राज महेंद्र की शिकायत पर छुट्टा, कल्ला, कृष्णभान व पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसमें से कृष्णभान और पवन की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post